क्लिक उत्तराखंड:-(ब्यूरो) उत्तराखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस आलोक कुमार वर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। लंबे समय से उनके इस्तीफे को लेकर चर्चाएं चल रही थीं।
लेकिन अब प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी गई है। जारी विज्ञप्ति के मुताबिक उनका इस्तीफा 30 अप्रैल 2026 से प्रभावी माना जाएगा। बताया जा रहा है कि उन्होंने स्वास्थ्य और निजी कारणों का हवाला देते हुए मार्च महीने में ही अपना त्यागपत्र सौंप दिया था।
मई 2019 में हाईकोर्ट में हुई थी नियुक्ति…..
मई 2019 में उन्हें उत्तराखंड हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था. उन्होंने 27 मई 2019 को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी. न्यायपालिका में उनकी छवि शांत, अनुशासित और गंभीर मामलों की गहरी समझ रखने वाले न्यायाधीश के रूप में रही है।
अगस्त में ही रिटायर होने वाले थे जस्टिस वर्मा…..
जानकारी के अनुसार जस्टिस वर्मा इसी वर्ष अगस्त के पहले सप्ताह में सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उनके इस्तीफे ने न्यायिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है. हालांकि इस्तीफे के पीछे के विस्तृत कारणों को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. उनके अचानक पद छोड़ने को न्यायपालिका के लिए एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।



