
क्लिक उत्तराखंड:-(ब्यूरो) हरिद्वार में शनिवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के SP सीपी नौटियाल पर उनके ही सरकारी ड्राइवर ने गोली चला दी। सरकारी कार्यालय के भीतर हुई इस सनसनीखेज वारदात से सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मच गई।
घटना के बाद पुलिस और खुफिया विभाग के अधिकारी भी सक्रिय हो गए। जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब पौने दो बजे सरकारी चालक विनोद नेगी SP सीपी नौटियाल के केबिन में पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर कार्यालय में मौजूद कर्मचारी और स्टाफ मौके पर पहुंचे तो SP अपनी कुर्सी पर घायल अवस्था में पड़े मिले।
आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें AIIMS रेफर कर दिया। उधर, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जानकारी में काम के दबाव और व्यक्तिगत परेशानियों को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है।
हालांकि, गोली चलाने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



