
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) रोहालकी किशनपुर के ग्राम प्रधान विकास चौहान की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। नर्सिंग कॉलेज में मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आने के बाद अब सरकारी शराब कैंटीन में भी बवाल करने का आरोप लगा है।
कैंटीन बंद करने की बात कहने पर ग्राम प्रधान और उनके दो साथियों पर कर्मचारियों के साथ मारपीट करने तथा कैंटीन संचालक के सिर पर किसी ठोस वस्तु से हमला करने का आरोप है। मामले में बहादराबाद पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ब्रह्मपुरी रावली निवासी चंद्रभान कश्यप ने बहादराबाद पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 नवंबर की रात करीब 10:55 बजे वह सरकारी शराब कैंटीन पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम प्रधान विकास चौहान अपने साथी अभि चौहान और योगेश चौहान के साथ कैंटीन पहुंचे।
आरोप है कि तीनों ने कैंटीन में बैठकर शराब पीने का दबाव बनाया। कैंटीन बंद करने का समय होने की बात कहने पर तीनों आगबबूला हो गए। देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू हो गई और फिर चंद्रभान के साथ लात-घूंसों व थप्पड़ों से मारपीट की जाने लगी।
तहरीर के मुताबिक, इसी दौरान विकास चौहान ने हाथ में पहने लोहे के कड़े से चंद्रभान पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने कैंटीन के दूसरे कर्मचारी राकेश कुमार के साथ भी मारपीट की।
घटना की सूचना मिलने पर कैंटीन संचालक निखिल कुमार मौके पर पहुंचे तो उन्हें भी आरोपियों के गुस्से का सामना करना पड़ा। आरोप है कि उनके साथ मारपीट करते हुए ग्राम प्रधान ने किसी ठोस वस्तु से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में निखिल के माथे पर गंभीर चोट आई।
नर्सिंग कॉलेज में भी मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप….
मामले को और गंभीर बनाते हुए चंद्रभान ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि कैंटीन में बवाल से कुछ देर पहले ग्राम प्रधान और उनके दोनों साथियों ने केयर कॉलेज ऑफ नर्सिंग में भी हंगामा किया था। वहां कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट करने के साथ तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाया गया है।
बहादराबाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर ग्राम प्रधान विकास चौहान समेत अन्य दो लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया हैं। जब इस मामले में ग्राम प्रधान विकास चौहान से बातचीत की गई तो उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया।



