
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) खाकी की ताकत सिर्फ अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करने तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर आमजन के चेहरों पर मुस्कान लौटाने में भी नजर आता है।
बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शांतरशाह चौकी में तैनात कांस्टेबल चन्दन सिंह चौहान ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से ऐसी ही मिसाल पेश की है।
जानकारी के अनुसार, बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में आयोजित एक समारोह में शामिल होने पहुंची उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर निवासी महिला का हाथ में पहना हुआ सोने का कड़ा अचानक कहीं गुम हो गया। करीब 5 से 6 लाख रुपये कीमत का आभूषण होने के कारण महिला की चिंता बढ़ गई।
समारोह स्थल और आसपास काफी तलाश करने के बावजूद जब कड़े का कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही शांतरशाह चौकी में तैनात कांस्टेबल चन्दन सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और कड़े की तलाश में जुट गए।
उन्होंने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए समारोह स्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। एक-दो नहीं, बल्कि आधा दर्जन से अधिक कैमरों की फुटेज की बारीकी से पड़ताल की गई।
करीब पांच घंटे तक लगातार प्रयास करने के बावजूद कांस्टेबल ने हिम्मत नहीं हारी। आखिरकार उनकी मेहनत, सूझबूझ और सतर्कता रंग लाई और गुम हुआ कीमती सोने का कड़ा तलाश लिया गया।
इसके बाद कांस्टेबल चन्दन सिंह चौहान ने पूरी ईमानदारी के साथ आभूषण महिला के सुपुर्द कर दिया। अपना लाखों रुपये कीमत का कड़ा वापस पाकर महिला के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने पुलिसकर्मी का आभार जताते हुए उनकी कार्यशैली की सराहना की। कांस्टेबल चन्दन सिंह चौहान की इस कार्यशैली की पुलिस विभाग में भी प्रशंसा हो रही है।



