
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) दो साल तक पिता की तलाश में भटकती उम्मीदें, हर दिन एक नई आस और आखिरकार वह पल, जब अचानक वीडियो कॉल पर पिता का चेहरा नजर आया तो बेटे की आंखों से आंसुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
यह भावुक कर देने वाला नजारा पिरान कलियर में देखने को मिला, जहां पुलिस की संवेदनशीलता और सूझबूझ ने दो साल से बिछड़े पिता को उनके परिवार से मिला दिया। खास बात यह है कि बुजुर्ग का बेटा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात है।
दरअसल, बिहार निवासी करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग प्रयागराज कुंभ मेले में परिवार के साथ स्नान करने गए थे। इसी दौरान वह परिजनों से बिछड़ गए। परिवार ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
देखते ही देखते दो साल गुजर गए और परिवार की अपने पिता से मिलने की उम्मीद धुंधली पड़ने लगी। उधर, बुजुर्ग भटकते हुए पिरान कलियर पहुंच गए और यहीं रहने लगे।
इसी बीच हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान कलियर शरीफ मजार परिसर में जूता स्टॉल के पास पुलिस को एक बुजुर्ग लोगों से खाने-पीने की चीजें और पैसे मांगते हुए दिखाई दिए।
पुलिसकर्मी मुकेश कुमार ने उनसे बातचीत की तो बुजुर्ग ने अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि वह बिहार के रहने वाले हैं और कुंभ मेले के दौरान अपने परिवार से बिछड़ गए थे। बुजुर्ग की बात सुनकर पुलिस ने इसे महज एक सामान्य पूछताछ का मामला नहीं समझा।
बल्कि उन्हें उनके परिवार तक पहुंचाने का बीड़ा उठा लिया। AHTU हरिद्वार और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम ने बुजुर्ग के बताए पते के आधार पर बिहार के कुटुम्बा थाने से संपर्क किया। बुजुर्ग के नाम और फोटो के जरिए उनकी पहचान की गई और स्थानीय पुलिस की मदद से परिजनों तक पहुंच बनाई गई।
इसके बाद पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिए बुजुर्ग की उनके बेटे अंकित से बात कराई। स्क्रीन पर दो साल से लापता पिता को देखते ही CISF में तैनात उपनिरीक्षक अंकित भावुक हो उठे। आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पिता गांव के अन्य लोगों के साथ प्रयागराज कुंभ में स्नान करने गए थे, लेकिन वहीं से लापता हो गए।
परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था, मगर कोई जानकारी नहीं मिल रही थी।पिता के मिलने की खबर मिलते ही परिवार ने देर नहीं की। बेटा हरिद्वार पहुंचा और फिर कलियर जाकर अपने पिता से मिला। दो साल का लंबा इंतजार खत्म हुआ तो पिता-पुत्र एक-दूसरे से लिपट गए। यह भावुक पल वहां मौजूद लोगों के लिए भी यादगार बन गया। परिवार ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताते हुए पुलिसकर्मियों की जमकर सराहना की। पुलिस ने बुजुर्ग को उनके बेटे अंकित और अन्य परिजनों के सुपुर्द कर दिया। साथ ही परिवार को बुजुर्ग की विशेष देखभाल करने की सलाह दी।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका…..
इस मानवीय कार्य में AHTU हरिद्वार और कोतवाली कलियर की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम में कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार (AHTU), एसएसआई रमेश सैनी, एसआई विनोद गोला, हेड कांस्टेबल जमशेद, हेड कांस्टेबल बीआर वर्मा, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह और कॉन्स्टेबल जितेंद्र शामिल रहे।



