क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए आने वाले समय में सफर की तस्वीर बदल सकती है। मेरठ के मोदीनगर से रुड़की होते हुए धर्मनगरी हरिद्वार तक मेट्रो रेल दौड़ाने की संभावनाओं ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है।
करीब 150 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित रूट को लेकर नेशनल रीजनल ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) ने प्राथमिक स्तर पर सर्वे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यदि यह योजना धरातल पर उतरती है तो हरिद्वार, रुड़की और आसपास के क्षेत्रों के लिए परिवहन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि साबित हो सकती है।
जानकारी के मुताबिक, प्रस्तावित परियोजना के तहत गंगनहर के किनारे मेट्रो रेल कॉरिडोर विकसित करने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है। इस दिशा में एनसीआरटीसी की ओर से उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग से जमीन की उपलब्धता और अन्य जरूरी जानकारियां मांगी गई हैं।
इन जानकारियों के आधार पर यह आकलन किया जाएगा कि गंगनहर किनारे मेट्रो कॉरिडोर विकसित करना कितना व्यावहारिक और संभव है।इस प्रस्ताव के सामने आने से क्षेत्र के लोगों में भी बेहतर और तेज परिवहन सुविधा की उम्मीद जगी है।
मोदीनगर, मेरठ, रुड़की और हरिद्वार के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को भविष्य में एक आधुनिक परिवहन विकल्प मिल सकता है। खासकर औद्योगिक क्षेत्रों, शिक्षण संस्थानों और धार्मिक पर्यटन से जुड़े लोगों को इसका लाभ मिलने की संभावना है।हालांकि, फिलहाल यह पूरी कवायद शुरुआती स्तर पर है। परियोजना को लेकर न तो अंतिम रूट तय हुआ है और न ही निर्माण की आधिकारिक घोषणा की गई है। सर्वे और तकनीकी आकलन के बाद ही इसकी वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी। फिलहाल इतना जरूर है कि यदि यह प्रस्ताव आगे बढ़ता है तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश से धर्मनगरी हरिद्वार तक कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ सकता है।



