
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) विश्व विख्यात पिरान कलियर में सफाई व्यवस्था का ऐसा हाल है कि यहां आने वाले जायरीन जियारत से पहले गंदगी और दुर्गंध से जूझने को मजबूर हैं। सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए डेढ़ दर्जन कर्मचारियों की तैनाती है,
सुपरवाइजर भी मौजूद हैं, लेकिन धरातल पर हालात देखकर लगता है कि सफाई व्यवस्था को उसके हाल पर छोड़ दिया गया है। प्रमुख पार्किंगों में लगे कूड़े के ढेर जिम्मेदारों के दावों की हकीकत बयां कर रहे हैं।
फोर व्हीलर पार्किंग हो या हज हाउस के सामने बनी पार्किंग, हर तरफ गंदगी का नजारा दिखाई दे रहा है। कूड़े के ढेरों से उठती दुर्गंध ने जायरीनों का स्वागत करने के बजाय उनका रास्ता मुश्किल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को नाक-मुंह ढककर वहां से गुजरना पड़ रहा है।
पार्किंग में वाहन खड़े करने वाले जायरीन भी गंदगी से परेशान हैं। सवाल यह है कि पार्किंग के नाम पर शुल्क वसूलने और सफाई की जिम्मेदारी निभाने वालों की नजर आखिर इन कूड़े के ढेरों पर क्यों नहीं पड़ती?
सफाईकर्मियों की गिनती पूरी, लेकिन सफाई का हिसाब कौन देगा?……
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि करीब डेढ़ दर्जन सफाई कर्मचारी तैनात होने के बावजूद गंदगी कम होने के बजाय जगह-जगह दिखाई दे रही है। आखिर कर्मचारियों की ड्यूटी की निगरानी कौन कर रहा है? सुपरवाइजर की जिम्मेदारी क्या केवल कर्मचारियों की तैनाती तक सीमित है? यदि नियमित सफाई हो रही है तो पार्किंगों में कूड़े के ढेर कैसे जमा हो रहे हैं?
फोन खामोश तो फरियाद किससे करें जायरीन?……
व्यवस्था की बदहाली के बीच जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है। सफाई जैसे बुनियादी मुद्दे पर जब जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की जाती है और फोन का जवाब नहीं मिलता, तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर समस्या का समाधान कौन करेगा?
जब जिम्मेदार ही उपलब्ध नहीं होंगे तो व्यवस्था सुधारने की आवाज उन तक पहुंचेगी कैसे? अब बड़ा सवाल यह है कि सफाई के लिए तैनात डेढ़ दर्जन कर्मचारियों की जवाबदेही कौन तय करेगा? अधिकारियों की चुप्पी कब टूटेगी? और कूड़े के ढेरों से कलियर को मुक्ति आखिर कब मिलेगी?
जब इस संबंध में तहसीलदार/ दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी से फोन पर बातचीत करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अतिरिक्त चार्ज मिलने से उनके ऊपर कितना भार हैं। या फिर अधिकारियों की अनदेखी के चलते हुए दरगाहों की व्यवस्थाएं पटरी से उतर गई है।



