
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) रुड़की में शनिवार की सुबह एक परिवार के लिए जिंदगी का सबसे दर्दनाक दिन बन गई। जिस सफर पर एक महिला अपने पति और दो मासूम बच्चों के साथ निकली थी।
वह रास्ते में ही उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर गांव के पास हाईवे पर ट्रक ने बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति और दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए। मां को खोने के बाद बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर अपने घर बिजनौर जा रही थी। परिवार अभी सालियर गांव के पास हाईवे पर पहुंचा ही था
कि इसी दौरान एक ट्रक ने महिला जावेदा पत्नी मोहम्मद मुसाद निवासी बसेड़ा थाना किरतपुर बिजनौर उत्तर प्रदेश को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद पति और बच्चों की चीख-पुकार से मौके पर मौजूद लोगों का कलेजा कांप उठा। दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। महिला की मौत से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सूचना पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और आक्रोशित लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। काफी देर तक हाईवे पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं और हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए। फिलहाल पुलिस ने हाइवे से जाम खुलवाते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया हैं।



