
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) पत्रकारिता की आड़ में रौब गांठने और खुद को पत्रकार बताकर लोगों पर दबाव बनाने वालों के खिलाफ अब स्थानीय पत्रकारों ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलौर के बाद पिरान कलियर में भी कथित फर्जी और बाहरी पत्रकारों की गतिविधियों को लेकर नाराजगी सामने आई है।
स्थानीय पत्रकारों ने ऐसे लोगों पर शिकंजा कसने की मांग करते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी को ज्ञापन सौंपा है। स्थानीय पत्रकारों का आरोप है कि क्षेत्र में कुछ लोग पत्रकार होने का दावा कर अपनी पहचान का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।
पत्रकारिता की आड़ में स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को परेशान करने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे लोगों की वजह से न केवल आम जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है, बल्कि दिन-रात मेहनत कर पत्रकारिता करने वाले वास्तविक पत्रकारों की साख पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय पत्रकारों ने साफ कहा कि पत्रकारिता कोई रौब दिखाने या लोगों पर दबाव बनाने का लाइसेंस नहीं है। यह जिम्मेदारी और जवाबदेही वाला पेशा है,
जिसका मकसद जनता की आवाज उठाना और उनकी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना है। लेकिन कुछ लोग इस पेशे की आड़ में अपनी दुकान चलाने में जुटे हैं।
ऐसे लोगों की वजह से पत्रकारिता की गरिमा को ठेस पहुंच रही है। ज्ञापन में मांग की गई कि क्षेत्र में सक्रिय पत्रकारों के प्रेस कार्ड, संबंधित मीडिया संस्थानों के नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। इसके साथ ही वाहनों पर धड़ल्ले से लिखे जा रहे ‘प्रेस’ शब्द की भी जांच हो।
आखिर किन नियमों के तहत वाहनों पर प्रेस लिखा जा रहा है और क्या संबंधित लोग वास्तव में किसी मीडिया संस्थान से जुड़े हैं? इसकी पड़ताल कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। स्थानीय पत्रकारों ने यह भी मांग उठाई कि यदि जांच में कोई व्यक्ति फर्जी पहचान के आधार पर लोगों को डराने, धमकाने या परेशान करने में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।



