
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बॉलीवुड और फिल्म जगत से जुड़े हाजी शकील सैफी से फोन पर 40 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि रकम नहीं देने पर आरोपी ने उनके परिवार और बच्चों को बम से उड़ाने की धमकी दी। मामले में दिल्ली निवासी शकील सैफी ने कलियर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी तहरीर में दिल्ली के नांगलोई निवासी मोहम्मद शकील सैफी ने बताया कि वह 13 नवंबर को अपने परिवार के साथ दरगाह साबिर पाक में जियारत करने आए थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया।
आरोप है कि फोन करने वाले ने उनसे 40 करोड़ रुपये मांगे। रकम नहीं देने पर उन्हें जान से मारने और उनके बच्चों व परिवार को ग्रेनेड बम से उड़ाने की धमकी दी गई।
शकील सैफी के अनुसार, इस मामले में चार नवंबर को दिल्ली के निहाल विहार थाने में भी मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। अब उन्होंने कलियर पुलिस को तहरीर देकर आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस संबंध में दिल्ली के निहाल विहार थाने में भी मुकदमा दर्ज है।



