
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बाल दिवस के अवसर पर कोर विश्वविद्यालय में आयोजित करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम ‘पथ प्रदर्शन’ ने छात्र-छात्राओं के सपनों को नई दिशा देने के साथ उनके भविष्य की संभावनाओं के द्वार खोल दिए।
कार्यक्रम में रुड़की, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और आसपास के क्षेत्रों के 24 विद्यालयों से पहुंचे 1500 से अधिक छात्र-छात्राओं और 80 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विश्वविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं को न केवल उच्च शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों से रूबरू कराया गया, बल्कि बदलते दौर में करियर की नई संभावनाओं और रोजगार के अवसरों की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ वर्धमान सभागार में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) अनुभा सिंह और प्रति कुलपति डॉ. राजेश कुमार उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं को अलग-अलग समूहों में विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्होंने प्राध्यापकों और विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और करियर से जुड़े सवालों के जवाब हासिल किए।
कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, प्रबंधन, इंजीनियरिंग, स्वास्थ्य विज्ञान और मीडिया के क्षेत्र में तैयार परियोजनाओं का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। छात्र-छात्राओं ने कंप्यूटिंग, इंजीनियरिंग और फार्मेसी की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं के साथ पुस्तकालय और औषधीय पादप उद्यान का भी भ्रमण किया। विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को करियर चयन, तेजी से उभरते नए क्षेत्रों और उद्योगों में सफलता के लिए जरूरी कौशलों की जानकारी दी।
मुख्य व्याख्यान में कुलपति प्रो. (डॉ.) अनुभा सिंह ने ‘करियर निर्माण में मूलभूत विषयों का महत्व’ विषय पर छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग, कंप्यूटिंग, प्रबंधन, विधि, फार्मेसी, नर्सिंग और कृषि जैसे पारंपरिक विषय ही आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, फिनटेक, हेल्थ टेक और एग्रीटेक जैसे आधुनिक क्षेत्रों की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सलाह दी कि करियर का चुनाव केवल दूसरों की देखा-देखी न करें, बल्कि अपनी रुचि, योग्यता और भविष्य में उपलब्ध अवसरों को ध्यान में रखकर करें।
उन्होंने प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि मजबूत जड़ें ही युवाओं को ऊंची उड़ान भरने का सामर्थ्य देती हैं। साथ ही उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं को जीवन में सही दिशा दिखाने का पहला श्रेय उनके शिक्षकों को जाता है। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को सहभागिता प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि शामिल हुए 80 शिक्षकों को फ्रेमयुक्त सम्मान प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। ‘पथ प्रदर्शन’ के माध्यम से विश्वविद्यालय ने बाल दिवस को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए छात्र-छात्राओं के भविष्य को दिशा देने और गुरुजनों के योगदान को सम्मान देने का संदेश दिया।



