
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) सरकारी दस्तावेजों में किसी जीवित व्यक्ति को मृत दिखाकर उसकी संपत्ति पर अधिकार जमाने का कथित मामला सामने आया है। मामला लक्सर के महाराजपुर कलां गांव का है।
यहां एक वृद्ध महिला को राजस्व अभिलेखों में मृत दर्शाकर उसकी संपत्ति का नामांतरण दो अन्य लोगों के पक्ष में किए जाने का आरोप लगाया गया है।
मामले में अब एसएसपी से शिकायत कर चार लोगों के साथ ही संबंधित राजस्व अधिकारी और कर्मचारियों की भूमिका की जांच कराने तथा मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।
नेशनल पब्लिक सर्विस ट्रस्ट के अध्यक्ष कृष्णकांत के माध्यम से गांव निवासी धीरजपाल ने एसएसपी को भेजी शिकायत में आरोप लगाया कि चार लोगों ने कथित रूप से फर्जी मृत्यु सूचना और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बाला को मृत घोषित करा दिया।
शिकायत के मुताबिक, सात दिसंबर 2017 को नामांतरण बही में दो लोगों के नाम वारिस के रूप में दर्ज कर दिए गए, जबकि संबंधित वृद्ध महिला उस समय जीवित थीं। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस मामले को लेकर 20 अप्रैल 2022 को राजस्व उपनिरीक्षक ने जांच की थी।
जांच आख्या में बाला के जीवित होने की पुष्टि किए जाने का दावा किया गया है। इसके बावजूद आज तक मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
धीरजपाल ने पूरे प्रकरण में दस्तावेजों की जांच कराने, कथित फर्जीवाड़े में शामिल लोगों और संबंधित राजस्व अधिकारी-कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने तथा आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि शिकायत पर पुलिस और प्रशासन क्या कार्रवाई करते हैं।



