
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पीआरडी जवानों और पुलिस के बीच बुधवार को राजधानी में टकराव की स्थिति पैदा हो गई।
मुख्यमंत्री आवास कूच के लिए निकले हजारों पीआरडी जवानों पर पुलिस ने लाठियां बरसाईं। जवानों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया।
जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, करीब दो से तीन हजार पीआरडी जवान अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले थे।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में जवान परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास कूच के लिए रवाना हुए।
जवानों के हाथों में अपनी मांगों से जुड़े नारे और आवाज बुलंद करने का जज्बा था। जैसे ही प्रदर्शनकारी आगे बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग लगा दी।
हालांकि, प्रदर्शनकारी जवान बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने लगे। इससे पुलिस और जवानों के बीच धक्का-मुक्की और तनाव की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया।
अचानक हुए बल प्रयोग से मौके पर हड़कंप मच गया।पीआरडी जवानों की सबसे प्रमुख मांग समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करना है। इसके अलावा जवान लंबे समय से अपनी अन्य मांगों को लेकर भी आवाज उठा रहे हैं।
उनका कहना है कि जिम्मेदारियों के अनुरूप उन्हें उचित वेतन और सुविधाएं मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान पुलिस की कार्रवाई ने आंदोलन को और गरमा दिया।



