
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) पुलिस महकमे में तबादले और विदाई समारोह तो अक्सर होते हैं, लेकिन हरिद्वार में 13 निरीक्षकों की विदाई का अंदाज कुछ ऐसा रहा, जो लंबे समय तक याद रहेगा।
नई तैनाती के लिए रवाना हो रहे निरीक्षकों को एसएसपी नवनीत सिंह ने कोई सामान्य उपहार नहीं, बल्कि धर्मनगरी हरिद्वार की पहचान और आस्था का प्रतीक गंगाजल भेंट किया।
कप्तान की इस अनूठी पहल ने विदाई समारोह को खास बना दिया। गंगा की नगरी से मिले इस तोहफे को लेकर 13 निरीक्षक नए कार्यक्षेत्र के लिए रवाना हुए।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश के तहत हरिद्वार जनपद में तैनात 13 निरीक्षकों को प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई तैनाती पर जाने से पहले एसएसपी नवनीत सिंह ने कैंप कार्यालय में विदाई कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने सभी निरीक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए नई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने की अपेक्षा जताई।
जनपद के अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी उनके साथ बिताए कार्यकाल को याद किया। तबादले के बाद राम किशोर सकलानी और गोविंद कुमार को रुद्रप्रयाग, नरेंद्र सिंह बिष्ट को चमोली, मनीष उपाध्याय और प्रदीप बिष्ट को टिहरी भेजा गया है।
मनोहर सिंह, शांति कुमार, कमल मोहन सिंह, वीरेंद्र चंद्र रमोला और कुंदन सिंह राणा देहरादून में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं दिग्पाल कोहली, देवेंद्र सिंह रावत और जहांगीर अली उत्तरकाशी में सेवाएं देंगे।
विदाई समारोह में सबसे ज्यादा चर्चा कप्तान की ओर से दिए गए गंगाजल के उपहार की रही। हरिद्वार में बिताए कार्यकाल की यादों के साथ अब ये निरीक्षक गंगा की पवित्र धारा की सौगात लेकर नए जिलों में अपनी पुलिसिंग की नई पारी शुरू करेंगे।



