
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। ट्यूशन के लिए घर से निकली किशोरी अगले दिन अपने दोस्त के साथ मिली।

लेकिन कुछ घंटों बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम में शरीर में “सस्पेक्टेड पॉयजन” मिलने की बात सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। परिजनों ने किशोरी के दोस्त ऋतिक समेत कुछ अन्य युवक-युवतियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है।

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र की मान्यवर वाली गली गोविंदपुरी निवासी परिवार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनकी 15 वर्षीय पोती 8 मई की शाम करीब चार बजे ट्यूशन के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी माध्यमों की मदद से पुलिस ने अगले ही दिन सुबह करीब 11 बजे किशोरी को बरामद कर लिया।
पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह अपने मित्र ऋतिक के साथ हरिद्वार और ऋषिकेश घूमने गई थी। दोनों ने गंगा किनारे समय बिताया और रात कनखल क्षेत्र में गुजारी। सुबह किशोरी ने अपनी सहेली को फोन कर अपने बारे में जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों और पुलिस ने उसे ढूंढ लिया।
पूछताछ के दौरान किशोरी और उसके परिजनों ने किसी अपराध से इनकार करते हुए कार्रवाई न करने की बात कही थी। इसके बाद पुलिस ने किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
लेकिन उसी शाम किशोरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत सिटी अस्पताल रानीपुर मोड़ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर ज्वालापुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भेजा और पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया था।
शनिवार को डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम में शरीर में “सस्पेक्टेड पॉयजन” मिलने की बात सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

किशोरी की मौत के बाद परिवार ने उसके दोस्त ऋतिक और कुछ अन्य महिला-पुरुष मित्रों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है और पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।



