क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शांतरशाह चौकी प्रभारी उमेश कुमार लोधी ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर खनन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर चर्चा हो रही है।

जानकारी के अनुसार शनिवार की देर रात शांतरशाह चौकी प्रभारी उमेश कुमार लोधी को हलवाहेड़ी क्षेत्र में अवैध खनन किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस को देखकर खनन में लगे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इस दौरान मौके से अवैध रूप से खनन सामग्री का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए। जबकि अन्य खनन माफिया अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने वाहनों की जांच की तो खनन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। प्रारंभिक जांच में खनन गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया गया। इसके साथ ही मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

शांतरशाह चौकी प्रभारी उमेश कुमार लोधी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशानुसार अवैध खनन, ओवरलोडिंग तथा राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
जो भी व्यक्ति कानून का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ सड़कों और आसपास के क्षेत्रों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से अवैध खनन पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद अवैध खनन कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मची हुई है, कार्यवाही के दौरान पुलिस टीम में चौकी प्रभारी उमेश कुमार लोधी, कांस्टेबल चंदन सिंह, कॉन्स्टेबल वीरेंद्र शर्मा, होमगार्ड अभिषेक समेत अन्य शामिल रहे।



