
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) पिरान कलियर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आम जनता को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलियर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।
क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर और संदिग्ध व्यक्तियों से गहन पूछताछ करने के बाद अब पुलिस ने जमीनी स्तर पर निगरानी और चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाजारों, फुव्वारा चौक, दरगाह क्षेत्र तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान दुकानदारों और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
वही उन्होंने दुकानों के सामने फैले अतिक्रमण को हटवाया और बीच रास्ते में जल रहे अग्निकुंड को हटाने के सख्त निर्देश दिए। अभियान के तहत पुलिस ने कई स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की। वहीं बाहरी क्षेत्रों से आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से सख्त पूछताछ की।
थाना प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडार का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि नियमित गश्त और चेकिंग से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत होगा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों, अतिक्रमणकारियों और शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



