
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर गांव के समीप वन बीट अधिकारी के साथ अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आने के बाद अब विभागीय अधिकारियों ने भी सख्त रुख अपना लिया है।
वन और सिंचाई विभाग की संयुक्त कार्रवाई में विभागीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया।
दरअसल, वन बीट अधिकारी के साथ अभद्रता और ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलने के प्रयास के आरोपों के बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई तेज हुई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर विभाग की भूमि पर किए गए अवैध निर्माण और अतिक्रमण को हटाया।
साथ ही साफ चेतावनी दी कि सरकारी भूमि पर दोबारा कब्जा करने या अवैध गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई का दायरा केवल दौलतपुर तक सीमित नहीं रहा। पथरी पुल से तिरछा पुल तक नहर पटरी के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण, बनाए गए अनधिकृत रास्तों और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
विभागीय टीम ने साफ संदेश दिया कि सरकारी जमीन को निजी जागीर समझने वालों की मनमानी अब नहीं चलने दी जाएगी.वन बीट अधिकारी के साथ हुई घटना के बाद विभाग की इस कार्रवाई को अतिक्रमणकारियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।
अब देखना यह होगा कि बुलडोजर की यह कार्रवाई आगे भी इसी सख्ती से जारी रहती है या फिर कुछ दिन बाद नहर पटरी पर दोबारा पुरानी तस्वीर नजर आने लगेगी। इस दौरान टीम में वन दरोगा इंदर सिंह, वन दरोगा फरमान अली, वन बीट अधिकारी अनुज कंबोज, आरक्षी इकरार अली वैभव कुमार, सौरभ सैनी, उपनलकर्मी प्रदीप कुमार, सिंचाई विभाग से अमीन मनोज कुमार, निशु सैनी, संदीप कुमार सिंचाई विभाग के प्रहरी मौजूद रहे।



