
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कोतवाली की कुर्सी संभालते ही प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र खोलिया ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। चार्ज लेते ही उनका पहला निशाना अवैध खनन का कारोबार बना।
कोतवाल राजेंद्र खोलिया के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर दिया। नए कोतवाल के इस एक्शन से अवैध खनन के कारोबार में लगे लोगों में खलबली मच गई है।
क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। आरोप है कि खनन के इस खेल में नियम-कायदों को ताक पर रखकर प्राकृतिक संसाधनों का दोहन किया जाता है।
ऐसे में राजेंद्र खोलिया ने पदभार संभालते ही कार्रवाई कर साफ संकेत दे दिए हैं कि कोतवाली क्षेत्र में अवैध खनन का खेल आसानी से नहीं चलने दिया जाएगा। चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर कार्रवाई को महज शुरुआत माना जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब खनन कारोबारियों की नजरें पुलिस की अगली रणनीति पर टिकी हैं।
सवाल यह भी है कि जिन रास्तों और ठिकानों से अवैध खनन का कारोबार संचालित होता है, क्या वहां भी पुलिस इसी तरह शिकंजा कसेगी? फिलहाल, नए कोतवाली प्रभारी की पहली कार्रवाई ने यह जरूर जता दिया है कि अवैध खनन के मामले में पुलिस अब सख्ती के मूड में है।
चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का सीज होना उन लोगों के लिए साफ संदेश है, जो कानून को ताक पर रखकर खनन का कारोबार चला रहे हैं। अब देखना होगा कि यह कार्रवाई आगे भी इसी रफ्तार से जारी रहती है या खनन माफिया फिर अपने पुराने खेल में जुट जाते हैं।



