
क्लिक उत्तराखंड:-(ब्यूरो) शादी का भरोसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकरने के आरोप में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने एक कथित पत्रकार को गिरफ्तार किया है।
युवती का आरोप है कि जब उसने शादी की बात उठाई तो आरोपित ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए धमकियां दीं। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने रविवार को आरोपित को देहराखास क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पटेलनगर क्षेत्र की रहने वाली युवती ने कोतवाली में लिखित शिकायत देकर बताया कि रोहित छाबड़ा नाम के व्यक्ति ने उसे शादी करने का भरोसा दिलाया था। युवती का आरोप है कि इसी भरोसे पर आरोपित ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब उसने रोहित से शादी करने के लिए कहा तो वह अपने वादे से मुकर गया।
आरोप है कि शादी की बात करने पर रोहित का व्यवहार बदल गया। उसने युवती के साथ गाली-गलौच की और उसे धमकियां भी दीं। इससे परेशान होकर युवती ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश शुरू की। रविवार को पुलिस ने सूचना के आधार पर 40 वर्षीय रोहित छाबड़ा को देहराखास स्थित बालाजी अपार्टमेंट, वसुंधरा एनक्लेव से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, आरोपित को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक शिखा तेगवाल और कांस्टेबल अनोज राणा शामिल रहे।



