
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार जिले में ईद-उल-अजहा (बकरीद) से पहले पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपदभर में अपराध, अवैध गतिविधियों और गोवंश तस्करी के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी कड़ी में बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र की शांतरशाह चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो जीवित गोवंश को सकुशल बचाकर तस्करों की साजिश पर पानी फेर दिया।

जानकारी के अनुसार, शांतरशाह चौकी प्रभारी उमेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान टीम में शामिल उप निरीक्षक करम सिंह चौहान को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ तस्कर एक पिकअप वाहन में क्रूरता पूर्वक गोवंश भरकर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई और घेराबंदी करते हुए संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस की सख्ती देख तस्करों में हड़कंप मच गया। खुद को घिरता देख आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए। भागने से पहले आरोपी दो बैलों को एक घेर में बांधकर निकल गए। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों जीवित गोवंश को सुरक्षित कब्जे में लेकर राहत की सांस ली।

जांच और पूछताछ में सामने आया कि गोवंश को पिकअप में भरकर विष्णु पंडित निवासी जमालपुर कलां, अजीम निवासी भारापुर और हिस्ट्रीशीटर अनीश उर्फ लंगड़ा निवासी बढ़ेड़ी राजपूतान लेकर आए थे। बताया जा रहा है कि अनीश उर्फ लंगड़ा के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर के रूप में चिन्हित है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है



