
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र के बाजूहेड़ी गांव के पास मंगलवार देर शाम कांवड़ पटरी मार्ग पर एक ऐसा भीषण सड़क हादसा हुआ।

जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत इतनी भयावह थी कि टक्कर के बाद दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर मांस के टुकड़े बिखर गए। हादसे का मंजर देखकर मौके पर पहुंचे लोगों की रूह कांप उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार कई फीट दूर जाकर गिरे। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पिरान कलियर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लिया और तीनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।
हादसे के बाद काफी देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर मानी जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतकों और घायलों की पहचान करने के साथ ही उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों में घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
कलियर पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



