
क्लिक उत्तराखंड: (बुरहान राजपूत) हरिद्वार जिले में ‘ऑपरेशन प्रहार’ का असर अब ज़मीन पर साफ दिखाई देने लगा है। अपराधियों की कमर तोड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली कलियर पुलिस ने महज़ 24 घंटे के भीतर बाइक चोरी की वारदात का खुलासा कर दो शातिर युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। त्वरित कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि अब अपराध कर बच निकलना आसान नहीं होगा।

घटनाक्रम के अनुसार बेड़पुर निवासी जावेद ने कोतवाली कलियर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल सोहलपुर रोड स्थित खेत से चोरी हो गई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कलियर पुलिस लगातार संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की बाइक लेकर दो युवक उसे बेचने के लिए सलेमपुर की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनआईसी कॉलेज धनौरी और तिरछा पुल के बीच बावन दर्रा लिंक रोड पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को चोरी की बाइक सहित धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम संदीप कुमार (27 वर्ष) और विशाल कुमार (21 वर्ष) निवासी ग्राम सोहलपुर बताया। दोनों ने स्वीकार किया कि 5 जुलाई की शाम उन्होंने सोहलपुर रोड स्थित खेत से बाइक चोरी की थी। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं। परिवार पैसे नहीं देता था, इसलिए जल्द पैसा कमाने की लालच में उन्होंने चोरी का रास्ता चुन लिया। योजना बाइक बेचकर उससे मिलने वाले पैसों से नशा और अपने अन्य खर्च पूरे करने की थी, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने उनकी पूरी साजिश पर पानी फेर दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी कर दी है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। यदि पहले भी किसी वारदात में उनकी संलिप्तता सामने आती है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक रामअवतार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार और हेड कांस्टेबल इसरार अली की टीम ने अंजाम दिया



