
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) पिरान कलियर दरगाह में जियारत के लिए आए एक युवक के गंगनहर में डूब जाने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस और गोताखोर युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जिला बरेली के थाना ओला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुर्की पट्टी निवासी नेहाल अहमद का 20 वर्षीय पुत्र यसदान अपने दोस्तों के साथ पिरान कलियर दरगाह में जियारत करने आया था। दरगाह में हाजिरी लगाने के बाद सभी दोस्त घूमते हुए नई गंगनहर के किनारे पहुंचे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान यसदान ने नहर पार करने का प्रयास किया, लेकिन पानी का तेज बहाव होने के कारण वह संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोस्तों ने शोर मचाकर स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी गई। वहीं परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर भी दे दी गई है। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया था। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।



