
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) देहरादून से बुधवार सुबह एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई, जहां रिस्पना पुल के पास स्थित पैनेसिया सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुबह के समय अस्पताल के ICU में लगे एयर कंडीशनर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद देखते ही देखते धुआं पूरे वार्ड में फैल गया। ICU में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल स्टाफ ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए मरीजों को बाहर निकालना शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान अस्पताल में काफी धुआं भर गया था, जिससे कई मरीजों और कर्मचारियों को सांस लेने में दिक्कत हुई। इस दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय एक महिला मरीज की मौत की सूचना है, जबकि करीब 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कुछ पुलिसकर्मी, अस्पताल स्टाफ और बच्चे भी शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही अस्पताल में भगदड़ जैसे हालात बन गए थे। कई मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के सहारे बाहर लाया गया, जबकि कुछ को गोद में उठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि फायर ब्रिगेड और अस्पताल कर्मचारियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और दर्जनों मरीजों की जान बचा ली गई।
घायलों को देहरादून के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अस्पताल की इमरजेंसी सेवाएं तत्काल प्रभाव से बंद कर दी हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस कप्तान प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों और अन्य घायलों का हालचाल जाना। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के सही कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।



