
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र में कोर कॉलेज के पास हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बहादराबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कॉर्पियो और अवैध तमंचा बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, 18 मई को मंगलौर क्षेत्र के टिकोला कला निवासी विजय भाई ने थाना बहादराबाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 मई को कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनका पीछा करते हुए उनके वाहन पर फायरिंग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने तत्काल टीम का गठन किया। और मामले का जल्द खुलासा करने के दिशा-निर्देश दिए।

उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने उप निरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज के मौजूदगी में टीम का गठन किया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज ने टीम के साथ घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और वैज्ञानिक तरीके से वाहन का परीक्षण कराया।
लगातार दबिश और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने 24 मई को आरोपी मंजीत पुत्र औंकार सिंह निवासी शिव गंगा विहार कॉलोनी, शान्तरशाह, थाना बहादराबाद को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त काली स्कॉर्पियो के साथ एक अवैध 315 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया। हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज और कांस्टेबल बलवंत सिंह की अहम भूमिका रही।



