
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) प्रदेश में ईद-उल-जुहा यानी बकरीद की छुट्टी को लेकर उत्तराखंड शासन ने बड़ा संशोधन किया है।
शासन के सचिव राजेश कुमार द्वारा जारी नई विज्ञप्ति के अनुसार, पहले घोषित 27 मई की सार्वजनिक छुट्टी को बदलकर अब 28 मई कर दिया गया है। शासन के इस फैसले के बाद पूरे प्रदेश में संशोधित अवकाश आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
सरकार की ओर से जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि 28 मई को प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल-कॉलेज, बैंक, कोषागार और उप-कोषागार बंद रहेंगे। शासन ने सभी विभागों को संशोधित आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
बकरीद को लेकर अवकाश की तारीख बदलने के बाद सरकारी कर्मचारियों, छात्रों और आम लोगों के बीच संशय की स्थिति खत्म हो गई है। शासन के नए आदेश के बाद अब 28 मई को पूरे उत्तराखंड में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
प्रदेशभर में ईद-उल-जुहा की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। मुस्लिम समुदाय में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मस्जिदों और बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है, वहीं प्रशासन भी त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों में जुट गया है।



