क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार की राजनीति और सहकारिता क्षेत्र में आजाद समाज पार्टी (आसपा) ने बड़ी राजनीतिक बढ़त हासिल करते हुए अपना खाता खोल दिया है।
बहु उद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड दौलतपुर में हुए चुनाव में भीम आर्मी के प्रदेश महासचिव तेज प्रताप सैनी को जिला सहकारी बैंक के डायरेक्टर पद पर निर्विरोध निर्वाचित किया गया। उनके निर्विरोध निर्वाचन के बाद समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने इसे आसपा की बड़ी जीत बताया।

चुनाव परिणाम सामने आते ही आसपा और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर करते हुए इसे किसानों, युवाओं और सामाजिक न्याय की आवाज की जीत बताया।
समर्थकों का कहना है कि तेज प्रताप सैनी लंबे समय से सामाजिक सरोकारों और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं, जिसका परिणाम अब सहकारिता चुनाव में दिखाई दिया है।
बहु उद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति दौलतपुर में हुए इस चुनाव को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा रही। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि हरिद्वार जिले में आसपा का यह पहला बड़ा संगठनात्मक और राजनीतिक प्रवेश माना जा रहा है। इससे पार्टी को ग्रामीण क्षेत्रों और सहकारिता संस्थाओं में नई मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।

निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद तेज प्रताप सैनी ने कहा कि किसानों, मजदूरों और आम जनता के हितों की लड़ाई पहले की तरह आगे भी मजबूती से लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करना और किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इस जीत के बाद आसपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और इसे आने वाले समय में पार्टी के लिए बड़े राजनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।



