
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) फार्मेसी की पढ़ाई सिर्फ किताबों और प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं है, यह संदेश हरिद्वार विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ फार्मेसी में आयोजित वीडियोग्राफी चैलेंज में विद्यार्थियों ने अपने हुनर से दिया।
हाथों में कैमरा आया तो विद्यार्थियों की कल्पना ने उड़ान भरी और कॉलेज लाइफ से लेकर फार्मेसी की दुनिया तक के अलग-अलग रंग कैमरे के फ्रेम में नजर आए। किसी ने फार्मेसी को अपनी नजर से दिखाया तो किसी ने सामाजिक जागरूकता और रचनात्मकता को वीडियो का रूप दिया।
हरिद्वार विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ फार्मेसी में प्रसार क्लब की ओर से वीडियोग्राफी चैलेंज आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने फार्मेसी, कॉलेज लाइफ, सोशल अवेयरनेस और क्रिएटिविटी जैसे विषयों पर वीडियो बनाकर अपनी प्रतिभा दिखाई।
प्रतियोगिता में बीफार्म तृतीय वर्ष के पीयूष पाल ने प्रथम, अंशुल कश्यप ने द्वितीय और बीफार्म द्वितीय वर्ष के राहुल ने तृतीय स्थान हासिल किया। निर्णायकों ने वीडियो का मूल्यांकन कंटेंट, व्यूज, लाइक्स, शेयर, कमेंट और फार्मेसी से जुड़े विषयों के आधार पर किया। विजेताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट सीए एसके गुप्ता, वाइस प्रेसिडेंट नमन बंसल, वाइस चांसलर डॉ. राजीव महाजन, प्रो वाइस चांसलर डॉ. आदेश कुमार आर्य, रजिस्ट्रार लेफ्टिनेंट सुमित चौहान और फार्मेसी एचओडी डॉ. अंकित शुक्ला मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजन में दीपांशु कुमार और शालिनी शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



