क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) आंगनवाड़ी केंद्रों में शुक्रवार को सिर्फ कार्यक्रम नहीं हुआ, बल्कि मातृशक्ति, किशोरियों और नौनिहालों के स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव रखने का संदेश भी गूंजा।
विधानसभा पिरान कलियर के ब्रह्मपुर और गुम्मावाला स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने पहुंचकर महिलाओं, किशोरियों और बच्चों से सीधा संवाद किया।
उन्होंने कहा कि परिवार की सेहत का पहला कदम मां और बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य से शुरू होता है। इसलिए पोषण को लेकर जागरूकता केवल किसी एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान किशोरियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलते ही किशोरियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास नजर आया।
वहीं छह माह की आयु पूरी कर चुके नौनिहालों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म भी विधिवत संपन्न हुई। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच हुए इन आयोजनों ने कार्यक्रम को भावनात्मक रंग दे दिया।
रोमा सैनी ने कहा कि “स्वस्थ समाज की असली शुरुआत स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे से होती है।” उन्होंने महिलाओं और किशोरियों से पोषण, स्वच्छता तथा स्वास्थ्य संबंधी आदतों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सभासद प्रतिनिधि अमित सैनी, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, ग्राम के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।



