उत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशपर्यटनमनोरंजनराजनीतिरुड़कीवीडियोशिक्षास्वास्थ्यहरिद्वार

छह साल पहले सजाए थे सपने, आज तीन मासूम बच्चों से छिन गया मां का आंचल::

संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप......(पढ़िए खबर)

खबर को सुनिए

क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) जिस घर में छह साल पहले एक बेटी के विदा होकर आने से खुशियां बसी थीं, उसी घर में बृहस्पतिवार को मातम छा गया। तीन मासूम बच्चों की मां पूनम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। कुछ ही पलों में एक परिवार की खुशियां खामोशी में बदल गईं और तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। सराय ज्वालापुर निवासी पूनम की करीब छह साल पहले बेडपुर निवासी विकास से शादी हुई थी। शादी के बाद पूनम ने अपनी नई दुनिया बसाई और तीन बच्चों की मां बनी। बच्चों की हंसी और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच उसकी जिंदगी आगे बढ़ रही थी, लेकिन बृहस्पतिवार को अचानक सब कुछ बदल गया। बताया जा रहा है कि पूनम ने संदिग्ध परिस्थितियों में किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे बचाने के लिए अस्पताल की ओर दौड़े, लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में पूनम ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर जैसे ही मायके पक्ष तक पहुंची, परिजन बेडपुर पहुंचे। घर में चीख-पुकार मच गई। जिस बेटी को कुछ साल पहले डोली में विदा किया था, आज उसी की अर्थी सामने थी। वहीं तीन मासूम बच्चे मां को तलाशते रह गए। उन्हें शायद अभी यह भी नहीं मालूम कि जिस मां की गोद में वे अपना सुकून ढूंढते थे, वह अब कभी लौटकर नहीं आएगी। घटना की सूचना पर सीओ भगवानपुर सुमित पांडेय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और नायब तहसीलदार सुशील कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पूनम की मौत के पीछे आखिर क्या वजह रही, यह अभी रहस्य बना हुआ है। हादसा, आत्मघाती कदम या कोई अन्य कारण—इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सीओ भगवानपुर सुमित पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। तहरीर मिलने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!