
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) रुड़की के भंगेड़ी स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में मंगलवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब केंद्र के शौचालय में भर्ती मरीज का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान लक्सर क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी 37 वर्षीय आशीष के रूप में हुई है। गले पर धारदार हथियार के गहरे निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि आशीष पिछले करीब तीन महीने से नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती था। देर रात जब केंद्र संचालक ने शौचालय के अंदर शव पड़ा देखा तो उसके होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों ने केंद्र में भर्ती एक अन्य मरीज पर हत्या का शक जताया है। वहीं पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र संचालक समेत वहां मौजूद अन्य मरीजों से पूछताछ शुरू कर दी है।

एसपी देहात शेखर चन्द्र सुयाल ने बताया है कि मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। नशा मुक्ति केंद्र के संचालक समेत वहां पर भर्ती अन्य मरीजों से घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है। परिवार के लोगों ने हत्या का शक जताया है।



