
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) खानपुर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। अब इंस्पेक्टर गोविंद कुमार को खानपुर का नया कोतवाल नियुक्त किया गया है।

गोविंद कुमार जिले के विभिन्न थानों और कोतवाली में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और एक अनुभवी व सख्त अधिकारी के रूप में उनकी पहचान रही है।
यह बदलाव ऐसे समय में किया गया है जब पूर्व कोतवाल दिगपाल सिंह कोहली को एक नाबालिग किशोरी से जुड़े गंभीर मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया था।

आरोप था कि उन्होंने मामले को हल्के में लिया, जिसके चलते स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया था। इस घटना के बाद क्षेत्र में जोरदार हंगामा हुआ और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठने लगे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के कप्तान ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई की और दिगपाल सिंह कोहली को निलंबित कर दिया। इसके बाद से ही नए कोतवाल की तैनाती को लेकर चर्चाएं तेज थीं।

अब गोविंद कुमार की नियुक्ति से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने की उम्मीद जताई जा रही है। माना जा रहा है कि वे अपने अनुभव और सख्ती के दम पर पुलिसिंग को मजबूत करेंगे और जनता का विश्वास फिर से कायम करेंगे। स्थानीय लोगों को भी नए कोतवाल से बेहतर कार्यशैली और त्वरित न्याय की उम्मीद है।



