
क्लिक उत्तराखंड: (बुरहान राजपूत) उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2026 अभियान के तहत बहादराबाद पुलिस लगातार नशा तस्करों पर कहर बनकर टूट रही है।
प्रतिबंधित दवाइयों और अवैध गांजे की बड़ी बरामदगी के बाद अब पुलिस ने तीसरी लगातार बड़ी सफलता हासिल करते हुए स्मैक के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के दिशा-निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की खरीद फ़रोत करने वाले तस्करों कड़ा प्रहार किया जा रहा हैं।

इसी कड़ी में बहादराबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने भी अधीनस्थ अधिकारियों के पेच कसे हुए हैं। उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए उप निरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज मुस्तैदी के साथ नशा तस्करों की कमर तोड़ रहे हैं।

इसी कड़ी में उप निरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सुमन नगर की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर घबराकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से करीब 8 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शावेज़, निवासी मस्जिद वाली गली, बहादराबाद बताया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी स्मैक किससे लाता था और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करता था।

पुलिस अब उसके नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि बहादराबाद पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ पूरी सख्ती के साथ अभियान चला रही है। क्षेत्र में पुलिस की इस कार्रवाई की व्यापक सराहना हो रही है, वहीं नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है। इस दौरान पुलिस टीम में उप निरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज, हेड कांस्टेबल नरविंदर, कांस्टेबल पंकज बिष्ट शामिल रहे।



