
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार विश्वविद्यालय में एक बार फिर सफलता और उपलब्धियों का सुनहरा अध्याय जुड़ गया, जब प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ द्वारा “प्लेसमेंट सक्सेस सेलिब्रेशन 2026” का भव्य, गरिमामय एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया।
पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहाँ चयनित विद्यार्थियों की उपलब्धियों का जोरदार स्वागत किया गया और उन्हें सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।
कार्यक्रम में वर्ष 2026 के प्लेसमेंट परिणामों ने सभी को गौरवान्वित कर दिया। विश्वविद्यालय ने इस वर्ष 88.14 प्रतिशत प्लेसमेंट हासिल कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की, जो संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण की मजबूत पहचान को दर्शाता है।
इस अवसर पर बताया गया कि इस वर्ष का सर्वाधिक वार्षिक पैकेज 48 लाख रुपये रहा, जबकि अन्य प्रमुख पैकेज 25 लाख, 22 लाख, 20 लाख एवं 15 लाख रुपये वार्षिक रहे।
मुख्य अतिथि विवि अध्यक्ष CA एस.के. गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का आधार निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था और उद्योग-अनुकूल प्रशिक्षण प्रणाली की भी बड़ी सफलता है।
इस अवसर पर पीवीसी डॉ. आदेश आर्य एवं कुलसचिव लेफ्टिनेंट सुमित चौहान ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाले वर्षों में और भी बड़े कीर्तिमान स्थापित करने की प्रेरणा देगी।
समारोह के दौरान चयनित विद्यार्थियों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। पूरा कार्यक्रम उत्साह, गर्व और उपलब्धियों के भाव से सराबोर रहा, जिसने इसे एक यादगार आयोजन बना दिया।
कार्यक्रम में हरिद्वार विश्वविद्यालय के सभी प्रमुख पदाधिकारी, निदेशक डॉ. वी.के. सैनी, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रमुख प्रज्वल चौधरी, उपाध्यक्ष श्री नमन बंसल सहित समस्त विभागाध्यक्ष एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।



