
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया।

महज 14 साल की नाबालिग बच्ची की चोरी-छिपे शादी करा दी गई और जब किशोरी प्रेग्नेंट हुई तो पूरे मामले का पर्दाफाश हो गया। घटना सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर ससुराल वाले उसको अस्पताल लेकर आए थे, जहां उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। अस्पताल प्रबंधन ने दस्तावेज मांगे तो किशोरी की उम्र करीब 14 साल बताई गई।

जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और जांच में नाबालिग की शादी होने का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही मंगलौर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मायके और ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि जिसकी भी भूमिका इस पूरे घटनाक्रम में सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इतनी कम उम्र में शादी कैसे कराई गई और इस पूरे खेल में कौन-कौन शामिल था। मामले के सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बाल विवाह और नाबालिग की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले इस मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।



