
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार जिले के रुड़की में एक शादी समारोह उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब दूल्हे की कथित प्रेमिका अचानक बैंकेट हॉल पहुंच गई और शादी रुकवा दी। मामला गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के एक बैंकेट हॉल का है।
जहां बुधवार देर रात मेहवड़ गांव से बारात पहुंची थी। शादी की रस्में चल रही थीं, मेहमान खाना खा रहे थे और दोनों परिवार खुशी के माहौल में मौजूद थे, लेकिन तभी अचानक एक युवती हॉल में पहुंची और दूल्हे पर गंभीर आरोप लगाने शुरू कर दिए।

प्रेमिका ने दावा किया कि उसका दूल्हे के साथ पिछले करीब 10 साल से प्रेम संबंध था। उसने आरोप लगाया कि युवक ने शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए और उसे भरोसा दिलाया कि वह उसी से निकाह करेगा। प्रेमिका का कहना है कि एक साल पहले उसकी शादी कहीं और हुई थी।

लेकिन दूल्हे ने उसे लगातार अपने प्रेम जाल में फंसाए रखा और शादी तुड़वाने के लिए दबाव बनाया। इतना ही नहीं, प्रेमिका ने आरोप लगाया कि युवक ने उसे तलाक लेने के लिए उकसाया और कहा कि इद्दत पूरी होने के बाद वह उससे शादी करेगा।
लेकिन बुधवार रात जब प्रेमिका को जानकारी मिली कि उसका प्रेमी किसी दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है, तो वह सीधे बैंकेट हॉल पहुंच गई। वहां पहुंचते ही उसने शादी समारोह के बीच जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। प्रेमिका ने दूल्हे को सबके सामने बेनकाब करने की कोशिश की और कहा कि उसे धोखा देकर दूसरी शादी की जा रही है।
अचानक हुए इस हंगामे से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि दूल्हा-दुल्हन का निकाह करीब 10 दिन पहले ही हो चुका था और बुधवार देर रात दुल्हन पक्ष ने बारात को बुलाया था। लेकिन प्रेमिका के आरोपों के बाद माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि दुल्हन पक्ष ने लड़की की विदाई करने से साफ इनकार कर दिया। शादी में आए मेहमानों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हंगामा बढ़ता देख बाराती भी धीरे-धीरे मौके से निकलने लगे।

कुछ ही देर में बैंकेट हॉल का माहौल पूरी तरह बदल गया और शादी की खुशियां तनाव में तब्दील हो गईं। इसके बाद युवती पुलिस के पास पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दी। फिलहाल मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रेम संबंध, निकाह, तलाक और दूसरी शादी के आरोपों के बीच यह मामला अब पुलिस जांच तक पहुंच चुका है। इलाके के लोग भी इस हैरतअंगेज घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।



