
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) मायापुर क्षेत्र की वाल्मीकि बस्ती में शुक्रवार देर रात गोलियों की आवाज से हड़कंप मच गया। लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही युवती उस समय गोली की चपेट में आ गई, जब कुछ युवक उसके पार्टनर अंश को निशाना बनाने के इरादे से उसके घर पहुंचे थे।
गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घायल युवती की पहचान केशर के रूप में हुई है। वह हरिद्वार के खन्नानगर स्थित एक जिम में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती है और मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में अंश नाम के युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी।
पुलिस के मुताबिक अंश के खिलाफ पहले से कुछ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात कुछ युवक अंश को निशाना बनाने के इरादे से उसके घर पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने अंश पर गोली चला दी। इसी दौरान केशर बीच में आ गई और गोली उसे जा लगी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
हमलावर कौन थे, क्यों किया हमला?….
गोलीकांड की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस अब हमलावरों की पहचान के साथ ही हमले की वजह और अंश से जुड़े पुराने विवादों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान और गोलीकांड के पीछे की वजह का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं को जांच के दायरे में रखा गया है।



