
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) दीपावली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बहादराबाद पुलिस ने कमर कस ली है।
त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने क्षेत्रीय ग्रामीणों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने ग्रामीणों से त्योहार के उत्साह के बीच सतर्कता बरतने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने की अपील की। बैठक में कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने कहा कि दीपावली खुशियों और आपसी भाईचारे का पर्व है।
ऐसे में सभी की जिम्मेदारी है कि त्योहार को शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में मनाएं। उन्होंने ग्रामीणों को साइबर ठगी और एटीएम से होने वाली धोखाधड़ी के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया। उन्होंने कहा कि एटीएम का इस्तेमाल करते समय पूरी सावधानी बरतें।
किसी अनजान व्यक्ति को अपना एटीएम कार्ड, पिन या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी न दें। एटीएम में किसी अनजान व्यक्ति की मदद लेने से भी बचें। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ बढ़ जाती है।
ऐसे में जेबकतरों और ठगों के सक्रिय होने की आशंका रहती है। ग्रामीण अपने सामान और नकदी को लेकर सतर्क रहें। घर बंद करके बाहर जाने की स्थिति में भी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
वहीं, शांतरशाह चौकी प्रभारी अजय कुमार ने भी ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें, बल्कि तत्काल पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है और किसी भी आपात स्थिति में ग्रामीण पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि आपसी तालमेल और जागरूकता से ही त्योहार को सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण बनाया जा सकता है।



