
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में सियासी ताकत दिखाई।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत और विधायक हाजी फुरकान अहमद की अगुवाई में निकली न्याय यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने शिरकत कर भाजपा सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।
यात्रा के दौरान अंकिता प्रकरण की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
न्याय यात्रा की शुरुआत रहमतपुर रोड स्थित ग्रीन ब्यूटी पैलेस से हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और न्याय की मांग के साथ पैदल मार्च करते हुए रहमतपुर और बेडपुर रोड से दरगाह हजरत अलाउद्दीन अहमद साबिर पाक पहुंचे।
दरगाह में देश में अमन-चैन, प्रदेश की खुशहाली और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए दुआ की गई।
इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए।
उन्होंने साफ कहा कि न्याय मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष थमने वाला नहीं है। सरकार जनता के सवालों से मुंह नहीं मोड़ सकती और अन्याय के खिलाफ उठने वाली आवाज को दबाया नहीं जा सकता। हरक सिंह रावत ने महंगाई, भ्रष्टाचार और खनन के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा।
उन्होंने आरोप लगाया कि चीनी के दामों में भारी बढ़ोतरी की गई है, किसानों की जमीन बेची जा रही है और उत्तराखंड में खनन के पट्टे गुजरात के लोगों को दिए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अंकिता को न्याय दिलाने की मांग उठाने वालों को ईडी के माध्यम से डराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता को गुमराह करने और वोटों का बंटवारा करने की कोशिशें हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क और जागरूक रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह पहले भी कई बार कलियर शरीफ की दरगाह पर आ चुके हैं। मां गंगा से उत्तराखंड में न्याय की प्रार्थना करने के बाद आज साबिर पाक की दरगाह पर भी प्रदेश में इंसाफ और खुशहाली की दुआ करने पहुंचे हैं।
विधायक हाजी फुरकान अहमद ने कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार को न्याय दिलाना कांग्रेस की प्राथमिकता है। पार्टी लगातार इस मुद्दे को उठा रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस की आवाज बुलंद होती रहेगी। न्याय यात्रा के जरिए कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सरकार के खिलाफ राजनीतिक संदेश देने की भी कोशिश की। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री हाजी सईद हसन, जिला महामंत्री ग्रामीण साहिल राणा, महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र चौधरी, प्रदेश महासचिव हाजी राव शेर मोहम्मद, प्रधान नसीम, अकरम प्रधान, सुभाष सैनी, अरविंद प्रधान, कृष्णपुरी, परवेज मलिक, पवन धनगर, मनोज धनगर, रूप चौधरी, अभिषेक धनगर, जगपाल, राव अफजल, आरिफ प्रधान, इरशाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



