
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार जारी अभियान में कोतवाली कलियर पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें एक बाइक पिरान कलियर के नई गंगनहर स्थित रॉयल पैलेस के बाहर से चोरी की गई थी, जबकि दूसरी हरियाणा के यमुनानगर से चोरी की गई थी।

पुलिस के अनुसार 3 मई को ग्राम बिजौली निवासी अरशद ने अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी होने की ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। बाइक 28 अप्रैल की रात नई गंगनहर किनारे रॉयल पैलेस, पिरान कलियर के बाहर खड़ी थी, जहां से अज्ञात चोर उसे लेकर फरार हो गया था। इस मामले में कोतवाली कलियर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कलियर पुलिस लगातार संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सिंचाई विभाग कार्यालय धनौरी के पास से अली पुत्र सलीम निवासी मुर्करबपुर (मूल निवासी ननौता, सहारनपुर) को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने एक और मोटरसाइकिल जंगल में छिपा रखी है। उसकी निशानदेही पर दूसरी बाइक भी बरामद कर ली गई। जांच में पता चला कि यह मोटरसाइकिल हरियाणा के यमुनानगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी और वहां दर्ज मुकदमे से संबंधित है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे की लत और जल्दी पैसा कमाने के लालच में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि वह किसी बड़े वाहन चोर गिरोह से जुड़ा है या नहीं। इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कुंदन सिंह, हेड कांस्टेबल इसरार अली, माजिद खान और अनीश अहमद की टीम ने अंजाम दिया।



