उत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशपर्यटनमनोरंजनराजनीतिरुड़कीवीडियोशिक्षास्वास्थ्यहरिद्वार

पुलिस से बचने की कोशिश बनी मौत का सफर:

तेज रफ्तार ने ली दो जिंदगियां… पीछा कर रहा सिपाही भी गंभीर घायल....(देखिए वीडियो)

खबर को सुनिए

क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) पथरी थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार और लापरवाही ने ऐसा खौफनाक मंजर पैदा कर दिया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। पुलिस से बचकर भाग रहे एक युवक की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से आमने-सामने टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे से पीछा कर रहे पुलिस कांस्टेबल की बाइक भी दोनों वाहनों से जा भिड़ी। कुछ ही पलों में सड़क पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछा कर रहे कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार पथरी थाना क्षेत्र में कांस्टेबल सुशील और चेतन नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन युवक ने रुकने के बजाय बाइक की रफ्तार और बढ़ा दी। संदेह होने पर कांस्टेबल सुशील ने उसका पीछा शुरू कर दिया।

भागते समय एक मोड़ पर युवक की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से सीधे टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से आ रहे कांस्टेबल सुशील भी अपनी बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सके और उनकी बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई।

हादसे में दोनों बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान फेरूपुर, पथरी निवासी मनोज कुमार और सहारनपुर के हौजखेड़ी निवासी अजय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मनोज पतंजलि में नौकरी करता था, जबकि अजय के बारे में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

दुर्घटना में घायल कांस्टेबल सुशील को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि कांस्टेबल के पैर में फ्रैक्चर है और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और पुलिस से बचने की कोशिश हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!