क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कोल्ड ड्रिंक चोरी के शक में मासूम बच्चों के साथ की गई बर्बरता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। इंसानियत को शर्मसार करने वाली इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

वीडियो में कुछ लोग बच्चों को घेरकर बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे हैं, जबकि मौके पर मौजूद अन्य लोग तमाशबीन बने मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि डरे-सहमे बच्चे रहम की गुहार लगाते रहे, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। बच्चों के गालों पर ताबड़तोड़ थप्पड़ जड़े गए और डंडों से उनकी पिटाई की गई।बच्चों की चीखें और आंखों में दिख रहा खौफ इस बात की गवाही दे रहा था कि उन पर किस तरह का मानसिक और शारीरिक अत्याचार किया गया।

जानकारी के अनुसार मामला पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के दरियापुर गांव का है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने बच्चों पर कोल्ड ड्रिंक चोरी करने का आरोप लगाया था। हालांकि आरोप सही थे या गलत, इसका फैसला कानून को करना था।
लेकिन आरोपियों ने खुद ही न्यायाधीश बनकर बच्चों को सजा देना शुरू कर दिया। इस दौरान किसी ने भी मासूमों को बचाने की कोशिश नहीं की। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि वायरल वीडियो तीन से चार दिन पुराना है और वीडियो दरियापुर गांव का है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए बच्चों के साथ मारपीट करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।



