उत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशपर्यटनमनोरंजनराजनीतिरुड़कीवीडियोशिक्षास्वास्थ्यहरिद्वार

114 प्रस्तावों पर मुहर, फिर भी सभासदों में नाराजगी::

वार्डों की अनदेखी, अटकी आवास किस्तों और नामित सभासदों के मुद्दे पर गरमाई बैठक, सभासद नाजिम त्यागी ने उठाए कई अहम मुद्दे......(पढ़िए खबर)

खबर को सुनिए

क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) पिरान कलियर नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में भले ही विकास के 114 प्रस्तावों पर सर्वसम्मति की मुहर लग गई, लेकिन बैठक में वार्डों की अनदेखी और जनसमस्याओं को लेकर सभासदों का असंतोष भी खुलकर सामने आया। किसी ने सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया तो किसी ने जलभराव और पथ प्रकाश व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। प्रधानमंत्री आवास योजना की अटकी किस्तों से लेकर नामित सभासदों के प्रस्तावों को बोर्ड बैठक में शामिल करने तक कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में विकास कार्यों को लेकर सभासदों की नाराजगी साफ दिखाई दी। बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष समीना की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सभासद दिलबाग त्यागी, राशिद रहीस और रेशमा परवीन समेत अन्य सभासदों ने विकास कार्यों में उनके वार्डों की अनदेखी किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वार्डों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं अब भी बरकरार हैं। बैठक में सड़क निर्माण, जल निकासी, पथ प्रकाश, सिंचाई विभाग की भूमि की लीज और ई-रिक्शा से होने वाली वसूली पर रोक लगाने समेत कई प्रस्ताव रखे गए।

आवास योजना की किस्तें रुकीं, लाभार्थियों की बढ़ी मुश्किलें……

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। वार्ड 03 के सभासद नाजिम त्यागी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत 1286 आवासों की किस्तें अटकने पर नाराजगी जताते हुए लाभार्थियों को लंबित धनराशि दिलाने की मांग की। सभासद नाजिम त्यागी ने कहा कि करीब 80 प्रतिशत लाभार्थियों को पहली किस्त, 15 प्रतिशत को दूसरी और तीसरी किस्त तथा पांच प्रतिशत को अंतिम किस्त जारी की गई थी। इसके बाद 25 अक्टूबर को शासन की ओर से योजना की किस्तों पर रोक लगा दी गई। इससे आवास निर्माण का काम प्रभावित होने की बात सामने आई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के दूसरे चरण में 958 आवासों की स्वीकृति प्रक्रिया बंद होने का मामला भी चर्चा में रहा। सभासदों ने लाभार्थियों की परेशानी को देखते हुए इस दिशा में जल्द कार्रवाई की मांग उठाई। इसके अलावा सभासद नाजिम त्यागी ने सिंचाई विभाग की भूमि पर दुकानों का मुद्दा भी उठाया।

नामित सभासदों के प्रस्तावों पर निर्वाचित सभासदों की आपत्ति……

बैठक का एक अहम मुद्दा नामित सभासदों की ओर से प्रस्ताव रखे जाने का भी रहा। निर्वाचित सभासदों ने इस पर लिखित शिकायत देकर आपत्ति दर्ज कराई। इस मुद्दे को लेकर बैठक में चर्चा हुई। सभासदों का कहना था कि बोर्ड बैठक में प्रस्ताव शामिल किए जाने की प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। अधिशासी अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि बैठक में करीब 114 प्रस्ताव रखे गए, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना की रुकी किस्तों के संबंध में एक शिकायत मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। योजना के दूसरे चरण का कार्य शुरू कर दिया गया है और पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर शासन को भेजी जा रही है। नामित सभासदों के प्रस्ताव भी सभी की सहमति से बैठक में शामिल किए गए हैं। अध्यक्ष समीना ने बताया कि बोर्ड बैठक में रखे गए सभी प्रस्ताव सभासदों की सहमति से पारित किए गए हैं। बैठक में अध्यक्ष प्रतिनिधि सलीम अहमद, सत्तार अहमद, जावेद साबरी, डॉ. शहजाद अली, रहीश अहमद, गुलफाम साबरी, राशिद अली, नामित सभासद मुर्सलीन उर्फ बाबा, श्याम सिंह, अकरम खान और शमीम साबरी सहित अन्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!