
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कलियर क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। रहमतपुर रोड पर निर्माणाधीन पुलिया से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई।
हादसे में बाइक सवार अज्जू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी विकास गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार दोनों युवक रहमतपुर रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुलिया से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर खून से लथपथ पड़े युवकों को देखकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने अज्जू को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल विकास का उपचार जारी है.
हादसे के बाद रहमतपुर रोड पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। निर्माणाधीन पुलिया पर सुरक्षा इंतजाम और संकेतक लगे होने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। एक युवक की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।



