
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) थिथौला गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार को ऐसा जख्म दिया है, जिसका दर्द शायद ही कभी कम हो। 27 सितंबर की देर शाम तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी थी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा पलट गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक ही परिवार के दो युवकों ढंढेरा स्थित मिलापनगर निवासी अरशद पुत्र रईस (उम्र 30 वर्ष) और दिलशाद पुत्र अय्यूब (उम्र 30 वर्ष) और एक मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी।
इस हादसे में बच्चे समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे थे। लेकिन परिवार अभी तीन मौतों के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि देर शाम उपचार के दौरान घायल महिला रिहाना उम्र करीब 40 वर्ष ने भी दम तोड़ दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में मौजूद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। तीन अपनों को खोने के बाद अब चौथी मौत ने परिवार को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया। एक के बाद एक चार मौतों ने परिजनों को बुरी तरह तोड़ दिया। जिस परिवार में कुछ दिन पहले तक अपनों की आवाजें गूंज रही थीं, वहां अब मातम, आंसू और चीख-पुकार का माहौल है।



