क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कलियर में शुक्रवार को कांवड़ पटरी रोड पर कुछ पल के भीतर ऐसा मंजर सामने आया, जिसने हर किसी को झकझोर दिया। रुड़की-बाजूहेड़ी के बीच तेज रफ्तार चार बाइकों की भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद सड़क पर बिखरी क्षतिग्रस्त बाइकें और घायल पड़े युवकों को देखकर मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। बताया गया कि कांवड़ पटरी पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई।
टक्कर के बाद हालात संभल पाते, इससे पहले पीछे से आ रही दो अन्य बाइकें भी दुर्घटनाग्रस्त बाइकों से जा भिड़ीं। कुछ ही सेकंड में सड़क हादसे का मैदान बन गई।
चारों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और कई युवक सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े मिले। हादसे की सूचना मिलते ही कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी और सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का उपचार शुरू किया गया। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिए हैं। मृतकों में अयान पुत्र शहजाद,, उम्र 18 वर्ष, राजू पुत्र कदम सिंह, निवासी रहमतपुर, उम्र 24 वर्ष और राजीव पुत्र मोलाड, निवासी रहमतपुर, उम्र करीब 22 वर्ष शामिल हैं।हादसे में घायल आदित्य पुत्र सुरेंद्र, निवासी खंजर रोड, उम्र 25 वर्ष का निजी अस्पताल में न्यूरोसर्जन की देखरेख में उपचार चल रहा है।
वहीं साहबान पुत्र मुराद, निवासी बिझौली भी घायल हुआ है और उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस हादसे की वजह तलाशने में जुटी है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और दुर्घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है।



