
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) रुड़की में शुक्रवार देर रात सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। कैंटीन बंद कर घर लौट रहे शराब कैंटीन संचालक अमन की दो बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अमन को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा गांव निवासी अमन शराब की कैंटीन संचालित करते थे। शुक्रवार रात कैंटीन बंद करने के बाद वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और अचानक फायरिंग कर दी।
गोली लगते ही अमन सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर बाइक से फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमन को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल और संभावित भागने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बदमाशों की तलाश में देर रात तक आसपास के क्षेत्रों में कांबिंग की गई। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।



