
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) इमलीखेड़ा फोनिक्स यूनिवर्सिटी में शहीद सोनीत सैनी एवं विकास सैनी की स्मृति में आयोजित मेमोरियल कबड्डी टूर्नामेंट में रविवार को खेल और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।
उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
उन्होंने मैदान में उतरने वाले युवा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए उनका हौसला बढ़ाया.
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये युवाओं को अनुशासन, संघर्ष, टीम भावना और नेतृत्व का पाठ भी पढ़ाते हैं।
मैदान में पसीना बहाने वाला युवा जीवन की कठिन परिस्थितियों का सामना करना भी सीखता है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलों को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाने और अपनी प्रतिभा को लगातार निखारने का आह्वान किया।
ऋतु खंडूड़ी ने शहीद सोनीत सैनी और विकास सैनी की स्मृति को नमन करते हुए कहा कि उनकी याद में खेल प्रतियोगिता का आयोजन सराहनीय पहल है। इससे जहां शहीदों की स्मृतियां नई पीढ़ी के बीच जीवंत रहती हैं, वहीं ग्रामीण और स्थानीय स्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने के लिए मजबूत मंच मिलता है।
प्रतियोगिता का आयोजन खेलो स्कूल स्पोर्ट प्रमोशन ट्रस्ट की ओर से किया गया, जबकि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रमा सैनी प्रायोजक रहीं। विधानसभा अध्यक्ष ने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी युवाओं को खेलों से जोड़ने वाले कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
इस दौरान राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, इमलीखेड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी, चेयरमैन राजीव गर्ग, सांसद प्रतिनिधि विक्रम गर्ग, देशपाल रोड, सतबीर रोड, सुरेश रोड, अनिल पाल और फोनिक्स संस्थान के अध्यक्ष चिरब जैन समेत बड़ी संख्या में अन्य लोग मौजूद रहे।



