
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) स्वच्छता सिर्फ भाषणों तक सीमित न रहे, इसके लिए 84 यूके बटालियन एनसीसी के कैडेट्स खुद मैदान में उतरे। हरिद्वार यूनिवर्सिटी में “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” थीम के तहत कैडेट्स ने श्रमदान कर परिसर और आसपास के क्षेत्र की सफाई की।
अभियान के दौरान कैडेट्स ने प्लास्टिक कचरे, सूखे पत्तों और अन्य गंदगी को एकत्र किया। करीब एक घंटे तक चले अभियान में सीनियर डिवीजन और सीनियर विंग के कैडेट्स ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कैडेट अक्षय कुमार के नेतृत्व में उज्जवल शर्मा, उज्जवल तिवारी, आकाश रावत, अभिनव तेवतिया, प्रिंस यादव, प्रशांत छेत्री, विनय यादव और उदय कुमार समेत अन्य कैडेट्स ने सफाई अभियान में योगदान दिया।
अभियान का नेतृत्व एएनओ लेफ्टिनेंट सुमित चौहान और एनसीसी इंस्ट्रक्टर अनूप सैनी ने किया। लेफ्टिनेंट सुमित चौहान ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का काम नहीं है। इसे रोजमर्रा की आदत और संस्कार बनाना जरूरी है। उन्होंने कैडेट्स से अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
एनसीसी इंस्ट्रक्टर अनूप सैनी ने कैडेट्स को स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्य और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व के बारे में बताया। अभियान के बाद कैडेट्स ने स्वच्छता की शपथ ली। साथ ही अपने घर, विश्वविद्यालय और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने का संकल्प लिया। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कैडेट्स के अनुशासन, मेहनत और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना की सराहना की।



